सरकारी टीचर को गोली मारने वाले अपराधी को पटना पुलिस ने ठोका, दूसरे ने डर के मारे कर दिया सरेंडर

सिवान के बाद बिहार की राजधानी पटना में भी पुलिस ने एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है। अपराधी की चलाई गोली पुलिस जीप में लगी, जिससे फ्रंट सीट पर बैठे दारोगा बाल-बाल बचे।

पटना: बिहार की राजधानी पटना पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा जारी है। पुलिस ने इसी कड़ी में पटना में फिर से एक हाफ एनकाउंटर किया है। इस बार पुलिस की गोली का शिकार हुआ है कुख्यात अपराधी बादल। उसने पटना के भागवत नगर में एक टीचर से लूट के दौरान उन्हें गोली मार दी थी। इस कांड के बाद पटना में सनसनी फैल गई थी।

पटना में एक और एनकाउंटर

पटना पुलिस का ये ऑपरेशन ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हुआ। यहां पुलिस एक लूटकांड के मामले की तफ्तीश करते हुए दो लुटेरों तक जा पहुंची। इनमें से एक का नाम संदीप उर्फ बादल है, जबकि दूसरे अपराधी का नाम प्रिंस कुमार। पुलिस ने दोनों को अगमकुआं थाना इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर में ही घेर लिया।

एक अपराधी ने पुलिस पर चलाई गोली

इसके बाद दो में से एक अपराधी बादल ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई जो सीधे बादल के पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस की गोली के डर से दूसरे अपराधी प्रिंस कुमार ने वहीं पर सरेंडर कर दिया। पुलिस संदीप उर्फ बादल को इलाज के लिए अस्पताल ले आई, जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। पटना पुलिस के इस एनकाउंटर के बाद इलाके के लोगों ने भी राहत की सांस ली।

टीम ने दोनों अपराधियों को ट्रांसपोर्ट नगर में घेर लिया था। लेकिन उनमें से एक ने फायरिंग की जो पुलिस जीप में लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी बादल को पैर में गोली लगी है।

13 मई को सरकारी टीचर को मारी थी गोली

इसी 13 मई को पटना के भागवत नगर में एक शिक्षक शंभू कुमार घर लौट रहे थे। तभी उन्हें दो अपराधियों ने घेर लिया था। इसके बाद उनसे उनके पास मौजूद पैसे और सामान को लुटेरे छीनने लगे। शंभू कुमार ने अपनी तरफ से इसका पूरा विरोध किया। लेकिन तभी लुटेरों में से एक ने उन्हें गोली मार दी। घायल शिक्षक शंभू कुमार का अभी तक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वो सरकारी स्कूल के टीचर हैं।

एक अपराधी अस्पताल में तो दूसरा पुलिस की हिरासत में

एनकाउंटर के बाद पुलिस टीम ने अपनी आला अफसरों को खबर दी। एनकाउंटर की खबर मिलते ही पटना पूर्वी के सिटी एसपी परिचय कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ FSL टीम भी वहां पहुंची। इसके बाद मौके गोलियों के खोखे मिले और घायल अपराधी संदीप उर्फ बादल को अस्पताल ले जाया गया। वहीं दूसरे अपराधी प्रिंस कुमार को पुलिस थाने ले गई, जहां खबर लिखे जाने कर उससे पूछताछ कर ये पता लगाने की कोशिश की जा रही थी कि उसने और कहां-कहां ऐसे कांड किए हैं। वहीं बिहार में सिवान में भी पुलिस ने एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है। कुल मिलाकर बिहार पुलिस को दो जिलों में कामयाबी मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *